लखनऊ – भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती शनिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने गई थीं लेकिन उनके घर से बाहर निकलीं तो बरस पड़ीं उत्तर प्रदेश सरकार पर।
सपा सरकार को ‘जीरो परफॅारमेंस’ वाली सरकार बताते हुए उन्होंने आतंकवाद के आरोपियों की रिहाई की प्रयास को राष्ट्रद्रोही कदम बताया। उनका कहना था कि कोर्ट की मनाही के बाद भी आतंक फैलाने के आरोपियों को बचाने का सार्वजनिक प्रयास शर्मनाक है। आतंकवादियों को पनाह देने में उप्र सरकार पाकिस्तान को भी पीछे छोड़ रही है। इन हालातों में आतंकी उत्तर प्रदेश में ही शरण लेना पसंद करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की आतंकपरस्ती के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ने का एलान करते हुए कहा कि संप्रग की तरह ही समाजवादी पार्टी का भी गुरूर तोड़ा जाएगा।
इससे पहले उमा ने मुख्यमंत्री से मिल बुंदेलखंड में गत सवा साल में विकास का कोई काम नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। विशेष रूप से महोबा व चरखारी क्षेत्र के लिए स्वीकृत योजनाएं ठंडे में चले जाने का आरोप लगाया।