28 C
Lucknow
Monday, January 20, 2025

आधा हिंदुस्तान बाढ़ और बारिश से बेहाल, गुजरात-असम सबसे ज्यादा प्रभावित

गुवाहाटी।लगभग आधा देश बाढ़ और बारिश की मार झेल रहा है। कई हिस्सों में बारिश जारी रहने के बीच गुजरात में सात हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

वहीं असम में बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में भारी बारिश हुई।

मानसून की बारिश से आधा हिंदुस्तान परेशान है। इस समय बारिश से असम, ओडिशा, मणिपुर, सिक्कम, बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और आन्ध्र प्रदेश बुरी तरह परेशना है। गुजरात और असम में स्थिति ज्यादा खराब है। इसके अलावा ओडिशा एवं अन्य राज्यों में भी ज्यादा बारिश लोगों के लिए मुश्किल का सबब बनी हुई है।

गुजरात के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटो के दौरान मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश की वजह से लोगों के घरों में पानी घुस गया है। कई इलाकों में अगले आदेश तक स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े हैं। इस बीच मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने रविवार को हेलिकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावितों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।

इस साल बाढ़ से संबंधित 80 से ज्यादा मौतें असम राज्य आपदा मोचन अथॉरिटी (एएसडीएमए) की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि असम के नौ जिलों में अभी भी 60,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि राज्य में बाढ़ की स्थिति सुधरी है। अधिकारियों के मुताबिक राज्य में इस साल बाढ़ से संबंधित 80 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

इसी बीच पश्चिम बंगाल में गंगा नदी के क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिससे निचली क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार तक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम बंगाल के सिंचाई मंत्री राजीव बनर्जी ने कहा है कि राज्य में कुछ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। उनका कहना था कि सिंचाई विभाग स्थिति पर नजर रख रहा है।

ओडिशा के तटीय क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की वजह से अगले 24 घंटे में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में जाने में सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि यहां हवा 55 किलोमीटर प्रतिघंटे के हिसाब से चल रही है।

बिहार में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। रविवार को राजधानी पटना में 21.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद नमी का स्तर 65 से 97 फीसदी के बीच रहा। लेकिन रूक-रूक कर हो रही बारिश में लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है।

उत्तर प्रदेश के कई स्थानों में बारिश हो रही है। रविवार को लखनऊ में 6.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भी सामान्य से भारी बारिश हुई है। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। रे प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। इसके कारण जगह जगह डंगों और चट्टानों का गिरना जारी है। रविवार को भी मंडी जिले में हनोजी माता मंदिर के पास पहाड़ से मलबा गिरने से एनएच-21 अवरुद्ध हो गया।

मौसम विभाग ने राजस्थान लिए अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसा अनुमान है कि राजस्थान के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम अधिकारी ने बताया है कि राजस्थान के जयपुर में 43.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अन्य स्थानों में भी पिछले 24 घंटों में बारिश हुई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें