लखनऊ। समाजवादी पार्टी एवं अखिलेश सरकार के बीच मचे घमासान मामले में भारतीय जनता पार्टी ने तमाम सवाल खडे़ करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आजाद भारत का सबसे असफल मुख्यमंत्री साबित हुए करार दिया है। साथ ही पार्टी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से विधानसभा भंग कर चुनाव कराने की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी मुख्यालय पर आयोजित पे्रसवार्ता में कहा कि समाजवादी पार्टी एवं अखिलेश सरकार का हाई वोल्टेज ड्रामा आज सड़क पर आ गया हैं और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है। खुलेआम समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता ‘‘सड़क पर उतर कर आग लगाने की धमकी‘‘ देकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को ललकार रहे है। सत्ता और स्वार्थ की लड़ाई में सरकार के संरक्षण में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अराजकता पर उतारू है। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी आप के पास तो गृह मंत्रालय भी है। कानून व्यवस्था, तोड़ने वालों पर तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए।