छिंदवाड़ा . सांसद कमलनाथ ने मंगलवार को आदिवासी बाहुल्य अंचलों में तीन जनसभाओं को सम्बोधित कर देश ओर प्रदेश की सत्ता में काबिज भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाया और उसे जनविरोधी, किसान विरोधी, नौजवान विरोधी और व्यापार विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाए प्रदेश की शिवराज सरकार ने सिर्फ नारे दिए हैं। पिछले 14 सालों में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने साढ़े सात हजार घोषणाएं की लेकिन कितनी पूरी हुई इसका कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने कहा कि अब यह जरूरी हो गया है कि मामा जब भी आएं जनता को पूरा-पूरा हिसाब दें। ग्राम डुंगरिया के नागरिकों से मिलकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विगत 37 वर्षों में सभी के सहयोग से छिंदवाडा का विकास हुआ है और यह सिलसिला सदैव बना रहना चाहिए।
हर्रई विकासखंड के ग्राम सौंधनी में आयोजित जनसभा में कमलनाथ ने कहा कि जिन्हें प्रदेश और देश चलाना नहीं आता उन्होंने मुंह चलाना सीख लिया और वे जनता को गुमराह करने में जुटे हुए हैं। बटकाखापा के भारिया बाहुल्य ग्राम चिलक में उन्होंने कहा कि जिला सहित प्रदेश के किसानों के साथ धोखा अन्याय और उनका अपमान हुआ है।
प्रदेश सरकार की विदाई तय
अमरवाड़ा. आदिवासी विधानसभा अमरवाड़ा के ग्राम डुंगरिया रैयत में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जिले के सांसद कमलनाथ ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी आठ माह बाद प्रदेश में हमारी सरकार होगी। अब जनता भाजपा सरकार की गलत नीति, झूठ एवं फरेब की राजनीति से परिचित हो गई है। 15 वर्षों से युवाओं के हाथ रोजगार से खाली हैं। प्रदेश में उद्योग लगाने को कोई तैयार नहीं है। वहीं केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने प्रत्येक वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का झूठा वादा किया था। उन्होंने कहा देश और प्रदेश का विकास कांग्रेस की सरकार ही कर सकती है जबकि भाजपा सरकार झूठे वादे जुमले बोलती है। उन्होंने आगे उपस्थित जन समुदाय से कहा कि अब समय आ रहा है, हमें शिवराज सरकार की विदाई करना है। सभा को विधायक कमलेश शाह, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि चंपा लाल कुरचे ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, इंद्रपाल पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बागबर्दिया नहीं पहुंचे कमलनाथ
परासिया. बागबर्दिया में मंगलवार को निर्धारित आमसभा में सांसद कमलनाथ नहीं पहुंचे। जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी से कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। वहां की आमसभा को विधायक सोहन वाल्मिक एवं कांग्रेस पदाधिकारियो ने सम्बोधित किया। शाम को कमलनाथ ने पंकज स्टेडियम चांदामेटा में कार्यक्रम में भाग लेने के अलावा मो. अबरार तथा तुलसी ठाकुर के निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस दिया।