रायबरेली, NOI | प्रियंका गांधी शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी का प्रचार करने रायबरेली पहुंचीं। प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ‘मोदी जी ने कहा यूपी में भाजपा की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा। यूपीए ने भी किया था, तब कांग्रेस की सरकार थी यूपी में?’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि वाराणसी से किए वादे मोदी जी ने पूरे नहीं किए। भोजपुरी फिल्म सिटी बनाने का, गंगा सफाई का वादा पूरा नहीं किया। चुनाव आते हैं तो मोदी जी को किसानों की याद आती है।
राहुल ने कहा, ‘पीएम मोदी ने आपसे फूड पार्क छीन लिया, आपका रोजगार छीना। ‘मेड इन रायबरेली’ छीना क्योंकि बदला लेना है। नोटबंदी ने छोटे कारोबार को, दुकानदारों को, किसानों को जबर्दस्त चोट दी है।’
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी लोकसभा में रायबरेली का प्रतिनिधित्व करती हैं जबकि राहुल समीप के अमेठी क्षेत्र के सांसद हैं। सोनिया अबतक चुनाव अभियान से दूर हैं। सूत्रों के अनुसार वह 18 फरवरी को इस विधानसभा में रैलियों को संबोधित कर सकती हैं।
अमेठी और रायबरेली के विधानसभा क्षेत्रों में क्रमश: उत्तर प्रदेश में 23 और 27 फरवरी को होने वाले चौथे और पांचवें चरण के चुनाव में वोट डाले जाएंगे।