नई दिल्ली, एजेंसी। खाने में तो आलू का इस्तेमाल किया ही जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके अलावा साफ-सफाई और घर के दूसरे कामों में भी इसका प्रयोग किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसके फायदों के बारें में।काम करते वक्त अगर हाथ जल जाए तो आलू का इस्तेमाल करें। इसके अलावा शरीर के किसी हिस्से में खुजली होने पर उस जगह कटा हुआ आलू रगड़ें। इससे आपको आराम मिलेगा।
सिर दर्द होने पर माथे के किनारों पर कटा हुआ आलू रगड़ें। इससे आपको आराम मिलेगा। इसके अलावा किसी जगह नील पड़ गया है तो वहां कच्चा आलू पीसकर लगाने से फायदा होगा। आलू में ऑक्जेलिक एसिड होता है जो लोहे के बर्तन से जंग हटाने के लिए कारगर है। इससे आप शीशा भी साफ कर सकते हैं। इसके लिए आलू में नमक लगाएं और जंग वाले हिस्से पर इसे रगड़ें। शीशा साफ करने के लिए आलू को सीधा ही शीशे पर रगड़ें। इसके बाद कपड़े से शीशे को पोंछ लें।
आलू का रस चेहरे के लिए अच्छा होता है, साथ ही ये आंखों के नीचे से काले घेरे हटाने में भी मदद करता है। इसके लिए कटे हुए आलू को आंखों पर रखें। ऐसा करने से आंखों की सूजन भी दूर होती है।