अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली जीत के बाद आज विजय रूपाणी एक बार फिर मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ लेने वाले हैं। उनके साथ उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी अपने पद की गोपनियता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता और राजग शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। आपको बता दे कि राज्य में भाजपा की यह लगातार छठी सरकार बनने जा रही है। खास बात ये कि इस शपथ ग्रहण समारोह में सीएम नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम सुशील मोदी और संजय झा भी शपथ समारोह में शामिल हो रहे हैं।
कितनी सीटें मिलीं बीजेपी को
पार्टी ने 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के हाल ही में संपन्न चुनाव में 99 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में भाजपा को 2012 के चुनाव से 16 सीटें कम मिली हैं। कांग्रेस को उस समय 61 सीटें मिली थीं। इस बार कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई। रुपाणी और पटेल को 22 दिसंबर को भाजपा विधायक दल का नेता और उपनेता चुना गया।
संत और गुरुओं को भी आमंत्रण
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी ने कहा कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘पार्टी की ओर से विभिन्न धर्मो के संतों और गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है।
समारोह की तैयारी में 1 मजदूर की मौत
विजय रूपाणी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। इसमें एक मजदूर की मौत हो गई है। खबर के मुताबिक हादसा गांधीनगर सचिवालय के हेलिपैड ग्राउंड पर पंडाल निर्माण के दौरान हुआ। पंडाल की तैयारी में लगे तीन मजदूर पंडाल की छत से गिर गए जिसमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी के दो मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।