28 C
Lucknow
Saturday, February 15, 2025

.गोली लगने से किसान की मौत, हत्या का केस दर्ज

Farmer Killed in Firing at Rajgarh, Sirmaur.

नई दिल्ली, एजेंसी। थाना राजगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत शाया सनौरा में जानवरों से फसल की रखवाली करने गए व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। वीरवार रात हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि, गोली गलती से लगने की भी आशंका जताई जा रही है लेकिन रखवाली के लिए साथ गए एक व्यक्ति के फरार होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मौके पर शव से कुछ दूर पड़ी एक टोपीदार बंदूक भी बरामद की है। यह बंदूक किसकी है, क्या इसी से फायर हुआ है इसकी जांच की जा रही है। जानकारी अनुसार कोटली शकैन गांव के भीमसिंह (45) को अपने खेतों में फसल की रखवाली के दौरान गोली लग गई।

बताया जा रहा है कि वह जंगली जानवर शैल (परकुपाईन) से फसल की रखवाली करने गए थे। उसके साथ गांव के कुछ और व्यक्ति भी थे। रात को अचानक गोली चलकर उसके दाहिने कंधे पर लग गई जिस कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से सुभाष फरार हो गया है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि गोली गलती से लगी या फिर यह सुनियोजित हत्या का मामला है। डीएसपी योगेश रोल्टा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक भीम सिंह के पुत्र अनमोल ने पुलिस को बताया कि उसने रात को गोली चलने की आवाज सुनी तो वह घर से बाहर बरामदे में आया। उसने खेतों में हलचल देखी। उसने यह सोचा शायद शैल मारने के लिए किसी ने गोली चलाई होगी।

लिहाजा वापस आकर वह सो गया। सुबह जब घर के लोग बाहर गए तो खेतों में भीम सिंह का शव पड़ा था। डीएसपी ने बताया कि मृतक के भाई राजेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और छानबीन प्रारंभ कर दी है।शव को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ लाया गया। डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि सुभाष मौके से फरार है। इसलिए उसके खिलाफ भादंसं की धारा 302 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया है।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें