बहराइच : रामगांव थाना क्षेत्र के रैकवारनपुरवा में शनिवार रात चोरों ने दो घरों में सेंध काट कर लाखों का सामान व नगदी उड़ा दी। सुबह परिजनों को जानकारी हुई तो सन्न रह गए। चोरों ने घर से उड़ायी गयी अलमारी बाहर खेत में तोड़कर फेंक दी थी। फिलहाल पीड़ित जन ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को ठंडे बस्ते में डाले है।
यह घटना ग्रामपंचायत धर्मनपुर के रैकवारनपुरवा मजरे की है। यहां के निवासी राजन सिंह पुत्र जगपत सिंह शनिवार की रात मांगलिक कार्यक्रम में गए थे। देर रात चोर दीवार फांद कर घर में घुस गए और कमरे में रखी सेफ अलमारी बड़ी नहर के किनारे मेंथा के खेत में ले जाकर तोड़ दिया और उसमें रखे महिलाओं के सोने चांदी के आधा दर्जन जेवरात उठा ले गए। जेवरात में चार अदद सोने के कंगन, मंगल सूत्र, चांदी का टीका, पायजेब, करधनी शामिल है। इसी मकान से चंद कदम की दूरी पर स्थित इंस्पेक्टर सिंह के घर में पक्की दीवार में सेंध काट कर अंदर घुसे लेकिन खटपट की आवाज से गृहस्वामी जग गया। तब तक चोर पकड़े जाने के डर से नौ दो ग्यारह हो गए। क्षेत्र में दिन प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिसके चलते क्षेत्रवासियों में दहशत व्याप्त है।