28 C
Lucknow
Sunday, February 9, 2025

ताजमहल को पास से देखने के लिए देने होंगे 100 रुपये, हो रहे कई बदलाव, पढ़िए पूरी खबर



आगरा। नए साल में विश्वदाय स्मारक ताजमहल को लेकर कई बदलाव किए गए हैं। ताजमहल में बच्चों को भी टिकट लेना होगा। इसके साथ ही भारतीय पर्यटकों का टिकट 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये किया जा रहा है। मुख्य गुंबद देखना है तो 100 रुपये देने होंगे। ताजमहल में कोई भी पर्यटक अब सिर्फ तीन घंटे ही रुक सकेगा। दिन भऱ में पर्यटकों की संख्या भी सीमित की जा रही है। अधिकतम 40 हजार पर्यटक ही ताजमहल देख सकेंगे। इसके बाद प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

भीड़ नियंत्रण के लिए कवायद

असल में ताजमहल में भीड़ बढ़ रही है। संभालना मुश्किल हो रहा है। जिसके हाथ में टिकट है, वह ताजमहल में घुसने के लिए कुछ भी करने पर उतारू है। शनिवार और रविवार को तो ताजमहल के प्रवेश द्वारों पर मेला सा लग जाता है। प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच की जाती है, इस कारण प्रवेश में समय लगता है। पर्यटकों को यह समय अखरता है। इसके चलते समस्या खड़ी हो जाती है। इसी कारण ताजमहल में पर्यटकों की संख्या को कम करने पर विचार किया गया है। संस्कृति मंत्रालय, दिल्ली में हुई बैठक में कुछ खास फैसले लिए हैं। इनके बार में विस्तृत अधिसूचना बुधवार को जारी की जाएगी।

बच्चों के लिए जीरो वैल्यू का टिकट

बैठक में बताया गया कि अभी तक 15 साल तक के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क है। नई व्यवस्था के अनुसार बच्चों को टिकट लेना होगा, लेकिन यह जीरो वैल्यू का होगा। इसका मतलब है कि कोई भुगतान नहीं होगा। इसका फायदा यह होगा कि ताजमहल में पर्यटकों की वास्तविक गिनती हो सकेगी। अभी तो बच्चों की संख्या का सिर्फ अनुमान लगाया जाता है।

तीन घंटे ही रुक सकेंगे पर्यटक

सबसे बड़ा फैसला है कि ताजमहल को सिर्फ तीन घंटे में देखने का। अभी तक तो पर्यटक सुबह से लेकर शाम तक ताजमहल में रहता है। इस कारण भी भीड़ अधिक दिखाई देती है। ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है कि तीन घंटे के बाद अगर पर्यटक ताजमहल में रुकता है, तो उस पर जुर्माना ठोका जा सकता है। सूर्यास्त से एक घंटा पहले ताजमहल पर टिकट बिक्री बंद हो जाएगी। मतलब यह है कि अगर कई पर्यटक सूर्यास्त से एक घंटा पहले ताजमहल देखने पहुंचता है तो उसे बमुश्किल आधा घंटा ही मिलेगा। विचार यह है कि ताजमहल का द्वार सूर्यास्त से आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाए।

आज आदेश जारी होने की आशा

जिलाधिकारी गौरव दयाल ने बताया कि इस बारे में पहले स्थानीय स्तर पर विचार किया गया। फिर केन्द्रीय संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता हुई बैठक में विचार हुआ। आशा है कि आज ही आदेश जारी हो जाएगा। एक सप्ताह में सभी निर्णय लागू करा दिए जाएंगे। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राजा श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक, आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्य़क्ष अनिल ढींगरा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद आगरा मंडल डॉ. भुवन विक्रम, उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, केन्द्री औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसफ) के सेनानायक बृजभूषण आदि मौजूद थे।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें