नई दिल्ली, NOI | भारत द्वारा गुप्त न्यूक्लियर सिटी बनाने के पाकिस्तान के दावे को भारत ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि ये आरोप आधारहीन है। गुप्त न्यूक्लियर सिटी बनाना पाकिस्तान का ख्याली पुलाव है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का अनुपालन करता है।
पाकिस्तान ने दावा किया था कि भारत गुप्त न्यूक्लियर सिटी का निर्माण कर रहा है और उसने परमाणु हथियारों का जखीरा एकत्र कर लिया है। पाकिस्तान विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान ‘भारतीय रक्षा निर्माण’ को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत का यह कदम क्षेत्र के सामरिक संतुलन को कमजोर करने का खतरा पैदा करता है। पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने भारतीय रक्षा निर्माण को लेकर चिंता जताई। जकरिया ने यह भी आरोप लगाया कि भारत अंतर-महाद्वीपीय मिसाइलों (ICBM) को लेकर परीक्षण करता रहा है जो क्षेत्र में सामरिक संतुलन को बिगाड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक खतरनाक हथियार रखने के लिए चल रहे भारतीय अभियान पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संज्ञान लेना चाहिए और उसके पारंपरिक और गैर पारंपरिक हथियारों के तेजी से विस्तार पर अंकुश लगाना चाहिए। पाकिस्तान को अलग-थलग करने के प्रयासों में भारत के बेनकाब होने का दावा करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार को पाकिस्तान की ओर से शांति के लिए उठाए कदमों की तरह कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, बातचीत के जरिए मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने की बजाय, भारत ने शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाया है। जकरिया ने आरोप लगाया कि भारत नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का बार-बार उल्लंघन कर रहा है और पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों के लिए धन मुहैया करा रहा है।