28 C
Lucknow
Wednesday, January 15, 2025

पीएम मोदी के हिमाचल दौरे का आज अंतिम दिन, कुल्लू और ऊना में करेंगे रैली


शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय हिमाचल दौरे का आज अंतिम दिन है। पीएम मोदी आज हिमाचल के कुल्लू और ऊना में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी छह नवंबर को हिमाचल प्रदेश में प्रचार करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि पार्टी का कोई वरिष्ठ नेता राज्य में प्रचार के लिए नहीं आया। राहुल हिमाचल प्रदेश में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। ये रैलियां सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में होंगी। राज्य में मतदान नौ नवंबर को होना है।

मोदी ने कांग्रेस की खिल्ली उड़ाते हुए कहा, मुझे पता चला है कि कांग्रेस का अपने नेताओं पर से भरोसा उठ गया है और वह अन्य पार्टियों के बागियों पर नजर लगाए हुए हैं। मोदी ने कहा, कांग्रेस का कोई वरिष्ठ नेता यहां प्रचार के लिए नहीं आया। उन्होंने सबकुछ भाग्य भरोसे छोडक़र मैदान को पहले ही छोड़ दिया है। मोदी ने शनिवार को कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चांबी में एक चुनावी सभा में मोदी ने कहा था कि कांग्रेस की सोच भारतीय लोकतंत्र के लिए दीमक की तरह खतरनाक है।

उन्होंने कहा, चूंकि यह सोच कांग्रेस में तीन-चार पीढिय़ों से है, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि ऐसी पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंका जाए। सभी मतदाता केंद्रों से कांग्रेस का सफाया दीमक की तरह कर देना चाहिए क्योंकि यह भारत को खा रहा है। कांग्रेस को नोटबंदी की आलोचना के लिए आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा, वे लोग 8 नवंबर काला दिवस के रूप में मनाएंगे और मेरा पुतला जलाएंगे। वे यह नहीं जानते हैं कि मोदी, सरदार पटेल का अनुयायी है और उसे झुकाया नहीं जा सकता।

मोदी ने कहा, मैं यहां आपको भाजपा को जिताने के लिए कहने नहीं आया हूं। मैं यहां आपसे तीन-चौथाई बहुमत देने के लिए कहने आया हूं। कांगड़ा में मोदी की यह दूसरी रैली थी। राज्य की कुल 68 विधानसभा सीटों में से इस जिले में सबसे ज्यादा 15 सीटें हैं। हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 18 दिसंबर को गुजरात चुनाव के साथ राज्य के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें