नई दिल्ली, एजेंसी। श्रीगंगानगर के लालगढ़ थाना क्षेत्र में एक बाप ने अपनी ही पन्द्रह वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। मामले में मां ने आरोपित पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के गांव में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट ने महिला ने बताया है कि वह चार महीने पहले अपनी बेटी को घर ही छोड़कर पीहर चली गई थी। इसी दौरान उसकी बेटी उसके पास आई और बताया कि पिता ने उसके साथ गलत हरकत की है।
यह सुनकर मां के होश उड़ गए। उसने तुरंत अपने पति को वहां बुलवाया तो उसने पीहर में ही उसके साथ मारपीट की। इस पर मां ने अपनी बेटी के साथ न्याय की मांग को लेकर पुलिस थाने में पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। महिला के दो बेटियां और एक पुत्र है। पीड़िता का पुलिस ने रविवार सुबह मेडिकल करवाया है। पुलिस ने आरोपित पति पर दुष्कर्म और लैंगिक हमलों से बालकों के संरक्षण एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।