लखनऊ:NOI। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सदस्यता अभियान को मंगलवार को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब चार बड़े नेताओं समेत उनके सैकड़ों समर्थकों ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया।
समाजवादी पार्टी ज्वाइन करने वालों में कभी बीजेपी में रहीं पूर्व प्रतापगढ़ सदर ब्लॉक प्रमुख शांति सिंह उनके पति राजकुमार सिंह राय साहब जो अब बसपा में आ गए थे। उनके अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य अब्दुल रहमान (नान्हू भाई) और जिला पंचायत सदस्य शिवगढ़ संतोष यादव और उनके सैकड़ों सदस्य शामिल रहे।
सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की मौजूदगी में पूर्व सदर विधायक नागेन्द्र सिंह मुन्ना यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ज्वाइन की। पूर्व विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी ज्वाइन करने वाले सभी युवा नेता हैं। इनके आने से प्रतापगढ़ में पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी।
शांति सिंह ने कहा कि वह सपा से जुड़कर समाजवादी विधारधारा को आगे बढ़ाएंगी। इसके अलावा पार्टी को मजबूती प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी। यूपी चुनाव में बुरी तरह हार के बाद समाजवादी पार्टी इस तरह के दल बदल के जरिये भी सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरना चाहती है। पार्टी की पूरी नजर आने वाले निकाय चुनाव पर है जिसमे पहली बार समाजवादी पार्टी सिम्बल के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।