नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। बनारस, सोनभद्र, मिर्जापुर, बलिया, जौनपुर समेत सभी जिलों में भाजपा शानदार प्रदर्शन कर रही है । अब तक के रुझानों के मुताबिक भाजपा 293, सपा और कांग्रेस 80, बसपा 21 सीटों पर आगे चल रही है।
इससे पहले पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्य मंडल की 61 विधानसभा सीटों की मतगणना आज सुबह आठ बजे शुरू हो गई। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की गई।
पहला रुझान मऊ सदर से आया। यहां बाहुबली मुख्तार अंसारी अब पीछे हो गए हैं। भासपा उम्मीदवार यहां से आगे चल रहा है। वहीं घोषी से मुख्तार अंसारी के बेटे अल्ताफ अंसारी पीछे चल रहे हैं।
वही प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा 7 सीटों पर आगे चल रही है। पिंडरा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पीछे चल रहे हैं। शहर दक्षिणी में कांग्रेस अागे हो गई है। वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर में भाजपा सभी सीटों पर आगे चल रही है।
मतगणना केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात किया गया है। दोपहर एक बजे तक परिणाम आने शुरू हो जाएंगे।
मतगणना केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही भीड़ जुटने लगी है। वाराणसी में आठ सीटों पर 127 प्रत्याशी हैं। पहडि़या मंडी में सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले शहर दक्षिणी सीट का रुझान आएगा।
आजमगढ़ में दस सीटों में निजामाबाद, जौनपुर में नौ सीटों में मडि़याहूं, गाजीपुर की सात सीटों में सदर विस, बलिया में सात सीटों में सिकंदरपुर सीट का परिणाम पहले आएगा।
मिर्जापुर में पांच सीटों में मिर्जापुर और चुनार, चंदौली में चार सीटों में सकलडीहा, मऊ में चार सीटों में मुहम्मदाबाद गोहना, सोनभद्र में चार सीटों में ओबरा और भदोही जनपद की तीन विधानसभा सीटों में औराई का परिणाम पहले आएगा।