नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बीजेपी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के बागी तेवर हर किसी को दिख रहे हैं। यशवंत सिन्हा ने ऐसे में एक बार फिर से पीएम मोदी पर निशाना साधा है। यशवंत सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि 14वीं सदी के दिल्ली सुल्तान मोहम्मद बिन तुगलक ने भी 700 साल पहले नोटबंदी की थी।
पीएम की आलोचना करते हुए सिन्हा ने कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्यवस्था को 3।75 लाख करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है।उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि बहुत सारे ऐसे शंहशाह (राजा) हुए हैं जो अपनी मुद्रा लेकर आए। कुछ ने नई मुद्रा को चलन में लाने के साथ-साथ पहले वाली मुद्रा का भी चलन जारी रखा। लेकिन 700 साल पहले एक शंहशाह मोहम्मद बिन तुगलक था जो नई मुद्रा लेकर आया और पुरानी मुद्रा के चलन को समाप्त कर दिया।
इससे पहले भी पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा नोटबंदी को ले कर लगातार मोदी सरकार पर हमला बोल रहे हैं। इससे पहले भी यशवंत सिन्हा ने जीएसटी और नोटबंदी को ले कर मोदी सरकार पर देश कि अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। जेटली गुजरात से राज्यसभा के सदस्य हैं। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना कर रहे सिन्हा ने यह आरोप भी लगाया कि सभी पहलुओं पर विचार किये बिना जीएसटी को लागू कर दिया गया। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री सिन्हा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को नोटबंदी और जीएसटी के रूप में एक के बाद एक दो झटके लगे।