वार्ड-66 में कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना में व्याप्त समस्याओं को लेकर विकलांगों ने मोर्चा संभाल लिया है। नगर निगम मुख्यालय पर विकलांगों का दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। विकलांग कल्याण सेवा समिति का कहना है कि जब तक समस्याओं का हल नहीं हो जाता तब तक धरना जारी रहेगा। प्रताप विहार के पास कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना है। यहां पर हजारों लोग रह रहे हैं। यहां इन दिनों सीवर ओवरफ्लो हैं। हैंडपंप खराब पड़े हैं|
टूटी सड़कों से लोग परेशान हैं। सीवर का पानी सड़कों पर भरा हुआ है। लोगों ने इसकी शिकायत कई बार की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर विकलांग कल्याण सेवा समिति के सदस्यों ने सोमवार से नगर निगम में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। मंगलवार को भी लोग धरने पर डटे रहे। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं आया। समस्या के समाधान तक यहीं डटे रहेंगे। धरने में इकरामुद्दीन, सोनू, कुलदीप सिंह, सुरेश जाटव, शमीम सैफी, इमराना, बबली जाटव, तुलसी पाल आदि मौजूद रहे।