सीतापुर-अनूप पाण्डेय,मोहित शुक्ला:NOI।
मिश्रिख में आयोजित 1008 कुण्डीय अश्वमेध यज्ञ की भव्य कलश यात्रा आज नगर में भ्रमण करेगी। हजारों महिलायें इस कलश यात्रा में सम्मिलित होंगी। सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन मौजूद रहेगा। यह जानकारी अश्वमेध यज्ञ के व्यवस्थापक संजय सिंह ने दी।
व्यवस्थापक ने बताया कि अश्वमेध की कलश यात्रा सुबह 8ः30 बजे मेला मैदान से शुरू होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दधीचि कुण्ड तक पहुंचेगी। वहां महिलायें दधीचि कुण्ड का पवित्र जल पूजन पूर्वक कलश में लेंगी। दधीचि कुण्ड से कलश यात्रा वापस मेला मैदान आयेगी। यह कलश यात्रा शोभा यात्रा के रूप में निकलेगी। अश्वमेध की कलश यात्रा में सबसे आगे अश्वमेध का अश्व चलेगा। आकर्षक झांकियां भी देखने को मिलेंगी। जय-महाकाल और हर हर महादेव के गगनभेदी नारे लगाते हुए युवा वालेन्टियर्स नवयुग के सृजन का सन्देश देंगे।
अमेरिका से देव-प्रेम पहुंचे मिश्रिख देव-परिवार का हुआ भव्य स्वागत
मिश्रिख के अश्वमेध यज्ञ के अवसर पर अमेरिका से आये अतिथि देव-प्रेम मिश्रिख पहुंचे। अमेरिका के वरिष्ठ वैज्ञानिक यतीन्द्र दत्ता देव एवं उनकी पत्नी वरिष्ठ इंजीनियर प्रेम दत्ता, वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के परम स्नेही शिष्य हैं जो सात समंदर दूर अमेरिका में भी गायत्री परिवार एवं गुरूदेव के सन्देशों की अलख जगा रहे हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर देव-परिवार का भव्य स्वागत गायत्री परिवार के परिजनों ने किया। देहरादून से पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के वीरभद्र शिष्य सुभाष नागपाल अपनी पत्नी गायत्री नागपाल के साथ आये। दिल्ली से यूनियन बैंक आफ इण्डिया, पटेल नगर शाखा की सीनियर मैनेजर श्रीमती दिशा नागपाल भी अश्वमेध स्थल पहुंचीं। गायत्री परिवार के सदस्यों मेंं प्रमोद स्वरूप टण्डन, रेनू टण्डन, प्रियंक दीक्षित, रामलखन सविता आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
मिश्रिख अश्वमेध के कार्यक्रम
1 नवंबर 2017, बुधवार
कलश-यात्रा प्रातः 8ः30 बजे से
युगसंगीत व प्रवचन कार्यक्रम सायं 6 से 8 बजे
2 नवंबर 2017, गुरुवार
ध्वजारोहण, अश्वपूजन एवं देवपूजन के साथ अश्वमेध यज्ञ प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक
सायं 6 बजे से 8ः30 बजे तक युगसंगीत व प्रवचन
3 नवंबर 2017, शुक्रवार
अश्वमेध यज्ञ प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक
सायं 6 से 8 बजे तक युगसंगीत व प्रवचन
4 नवंबर 2017, शनिवार
अश्वमेध यज्ञ प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक
सायं 6 बजे से दीप महायज्ञ
5 नवंबर 2017, रविवार
अश्वमेध यज्ञ प्रातः 10 बजे से
पूर्णाहुति 12 बजे
सामूहिक विवाह समारोह 12ः30 बजे से
2 नवंबर 2017, गुरूवार से प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक डॉ. सागर योग शिक्षक, पतंजलि योग समिति भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, मिश्रिख तीर्थ द्वारा योग, व्यायाम व प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।