28 C
Lucknow
Monday, January 20, 2025

​क्रांति दिवस पर सरकार के खिलाफ हमला बोलेगी कांग्रेस-सपा

क्रांति दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ गृहजनपद गोरखपुर में रहेंगे और बीआरडी मेडिकल कालेज और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को तोहफा भेंट करेंगे। ठीक उसी समय समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता सरकार पर हमला बोलेंगे। सपा देश बचाओ-देश बनाओ नारे के साथ सभा तारामंडल क्षेत्र में सभा करेगी और कांग्रेस गांधी प्रतिमा के समीप धरना देकर सरकार की कमियां गिनाएगी।

कांग्रेस-सपा का कार्यक्रम आज

सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे गोरखपुर में मौजूद

जनसभा कर ताकत का दिखाएगी समाजवादी पार्टी

धरना दे कांग्रेसी गिनाएंगे भाजपा सरकार की कमियां

दोनों आंदोलनों को लेकर पुलिस व प्रशासन सतर्क

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर आरोप मढ़ा है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने के साथ ही उन्होंने भाजपा पर भेदभाव के तहत विकास कार्यों पर ब्रेक लगाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि सरकार की गलत नीतियों-रीतियों के खिलाफ क्रांति दिवस पर देश बचाओ-देश बनाओ नारे के साथ उतरें। जनसभाएं करें। उनके निर्देश पर गोरखपुर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनसभा की तैयारी की है। गोरखपुर के कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्याह बढ़ाने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी मौजूद रहेंगे।

इधर सपा जनसभा कर सरकार पर हमला बोलेगी और उधर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता टाउनहाल पर धरना देकर सरकार की खामियां गिनाएंगे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डा. सैयद जमाल और महानगर अरुण अग्रहरि ने कार्यकर्ताओं से गांधी प्रतिमा पर इकट्ठा होकर धरने में शामिल होने की गुजारिश की है।

देश बचाओ-देश बनाओ का नारा बुलंद करेंगे सपाई

समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर देश बचाओ-देश बनाओ नारे के साथ बुधवार 9 अगस्त क्रांति दिवस को तारामंडल स्थित सत्यम लान में जनसभा करेंगे। हालांकि अखिलेश यादव ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिदायत दे रखी है कि सभा अनुशासित तरीके से होगी। सपाइयों का हौसला आफजाई करने खुद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी सभा में मौजूद रहेंगे। सपा जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव और नगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है।

क्रांति दिवस पर धरना देकर सरकार का विरोध करेगी कांग्रेस

ज़िला और महानगर कांग्रेस कमेटी संयुक्त रुप से बुधवार 9 अगस्त को क्रांति दिवस पर टाउनहाल पर गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना देगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. सैय्यद जमाल और महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार अग्रहरि ने कहा है कि 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपति महात्मागांधी ने ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा दिया था। 9 अगस्त को क्रांति दिवस के रूप में मनाते हैं। क्रांति दिवस पर कांग्रेस टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा के पास जनसमस्याओं को लेकर 11:30 बजे से धरना देगी। दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से समय से उपस्थित होने की अपील की है।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें