28 C
Lucknow
Wednesday, February 19, 2025

​जंग हुई, तो भारत के सामने बच्चा ही क्यों साबित होगा पाकिस्तान?

भारतीय थल सेना के प्रमुख जनरल बी पी रावत ने कहा है कि भारत को अगली लड़ाई स्वदेशी हथियारों से लड़ने की तैयारी में जुटना चाहिए। जम्मू कश्मीर से जुड़े सेमिनार में उन्होंने साफ़-साफ़ कहा कि हथियारों का आयात धीरे-धीरे कम करने की ज़रूरत है। ज़ाहिर है कि जनरल रावत ने पाकिस्तान से एक और जंग की तैयारी की ही बात कही है। स्वदेशी हथियार विकसित करने के लिए डीआरडीओ ने भी कमर कस ली है। अगर फ़िलहाल हम भारत और पाकिस्तान की फ़ौजी ताक़त की तुलना करें, तो पाकिस्तान एक तरह से भारत के सामने बच्चा ही लगता है। युद्धक साज-ओ-सामान का कोई सही आधिकारिक आंकड़ा दोनों ही देशों में उपलब्ध नहीं है। लेकिन सटीक अनुमानों के आधार पर कह सकते हैं कि विभिन्न जगहों पर सक्रिय भारतीय जवानों की संख्या क़रीब 14 लाख है। जबकि पाकिस्तान में साढ़े छह लाख के आसपास जवान सक्रिय हैं। रिज़र्व ड्यूटी पर क़रीब 22 लाख भारतीय जवान तैयार हैं, जो युद्ध की सूरत में एकदम सक्रिय हो जाएंगे। पाकिस्तान में रिज़र्व ड्यूटी पर सवा पांच लाख जवान ही तैनात हैं।                                         

अनुमान के मुताबिक़ दोनों देशों के पास 100 से 120 के आसपास परमाणु हथियार हैं। भारतीय वायुसेना के पास सभी तरह के क़रीब तीन हज़ार विमान हैं, जबकि पाकिस्तान के पास क़रीब एक हज़ार विमान ही हैं। इसी तरह हेलीकॉप्टरों के मामले में भी भारत की क्षमता दोगुनी से ज़्यादा है। भारत के पास जहां क़रीब 700 हेलीकॉप्टर हैं, तो पाकिस्तान के पास क़रीब 300 ही हैं। पाकिस्तान के पास क़रीब 400 फ़िक्स्ड विंग वाले युद्धक विमान हैं, जबकि भारत के पास ऐसे 800 से ज़्यादा विमान हैं। भारत के पास दूसरी तरह के लड़ाकू विमानों की संख्या क़रीब 700 है। पाकिस्तान से पास इनकी संख्या क़रीब 300 है। पायलटों को युद्ध कौशल सिखाने वाले विमान भारत के पास 300 से ज़्यादा हैं। पाकिस्तान के पास इनकी संख्या इसकी क़रीब आधी है। भारत के पास क़रीब 850 मालवाहक विमान हैं, जबकि पाकिस्तान के पास इनकी संख्या 250 से ज़्यादा है। इसी तरह भारत में क़रीब 350 सक्रिय सैन्य हवाई अड्डे हैं और पाकिस्तान में इनकी संख्या क़रीब 150 है।

थल सेना की तुलना करें, तो भारत के पास क़रीब सात हज़ार टैंक हैं। पाकिस्तान के पास क़रीब तीन हज़ार टैंक ही हैं। हमारे पास चल तोपों की संख्या साढ़े सात हज़ार के आसपास है, जबकि पाकिस्तान के पास क़रीब 130 ही चल तोपें हैं। भारतीय थल सेना दूसरे हथियारों के मामले में भी पाकिस्तान से बहुत आगे है। इसी तरह भारतीय नौसेना के पास क़रीब 350 मर्चेंट मरीन हैं और पाकिस्तान के पास ये 10 के आसपास ही हैं। भारत में सात बड़े बंदरगाह हैं और पाकिस्तान में केवल दो। हमारे नौसैनिक बेड़े में क़रीब 300 युद्धपोत हैं, पाकिस्तान के पास इनकी संख्या क़रीब 200 है। भारत के पास दो विमानवाहक पोत भी हैं, जबकि पाकिस्तान के पास एक भी ऐसा पोत नहीं है। भारत के पास 14 पनडुब्बियां हैं और पाकिस्तान के पास पांच। भारतीय नौसेना के पास 135 गश्ती विमान हैं, जबकि पाकिस्तान के पास सिर्फ़ 12 ही ऐसे विमान हैं। अब आप ही सोच लीजिए कि अगर दोनों देशों के बीच युद्ध हुआ, तो पाकिस्तान की हालत तीनों मोर्चों पर क्या होगी?

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें