यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरक्षित सफर के लिए ग्रेनो और आगरा में एंट्री पॉइंट पर पुलिस चौकी खोलने के साथ ही टोल पर स्थाई पुलिस टीम तैनात की जाएगी। इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों का चालान करने के लिए पावरफुल कैमरे लगाए जाएंगे।
यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में इस संबंध फैसले लिए गए। इसके अलावा आप जल्द ही गूगल मैप की मदद से यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक और रूट के साथ ही फॉग और स्मॉग की स्थिति के पता लगा सकेंगे। इसके लिए जल्द ही यमुना अथॉरिटी के अधिकारी गूगल कंपनी के अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे पर एक्सिडेंट कम करने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में गौतमबुद्धनगर, मथुरा, हाथरस और आगरा के एसपी ट्रैफिक और एआरटीओ शामिल हुए। सीईओ ने बताया अभी तक गूगल मैप पर रूट और ट्रैफिक की स्थिति देखने की सुविधा है। यह प्रयास किया जा रहा है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गूगल मैप फॉग और स्मॉग की स्थिति भी बताए। इसके लिए कंपनी अधिकारियों के साथ अथॉरिटी के अधिकारी जल्द बैठक करेंगे। अगर यह सुविधा मिलती है तो फॉग और स्मॉग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में बेहद कमी आ जाएगी।
एक्सप्रेस वे पर सिक्यॉरिटी बढ़ाने के लिए ग्रेटर नोएडा औैर आगरा में एंट्री पॉइंट पर स्थाई पुलिस चौकी खोलने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही जेवर, मथुरा और आगरा टोल प्लाजा पर स्थाई रूप से पुलिस टीम तैनात करने का फैसला लिया गया है। अभी तक पुलिस की टीम यहां स्थाई रूप से तैनात नहीं होती थी।
सीईओ ने बताया कि ओवर स्पीड वाहनों का पता लगाने के लिए एक्सप्रेसवे पर 15 पावरफुल कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेस-वे पर चालान सिस्टम को हाइवे ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एचटीएमएस) से जोड़ा जाएगा। सीईओ ने बताया कि एक ऐसा सिस्टम तैयार करने के लिए शासन को पत्र लिखा जा रहा है जिसमें चालान कटने के बाद यह सुनिश्चित किया जा सके कि अगर चालान जमा नहीं होता है तो संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।