अगस्त क्रांति दिवस, बुधवार को कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। जेल भरो आंदोलन के क्रम में कांग्रेसजनों ने धोखेबाजों, गद्दी छोड़ो के नारे के साथ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट परिसर में घुसने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की-नोकझोक हुई। इससे क्षुब्ध कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने सैकड़ों की संख्या में जुटे कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया। शाम को उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस नेतृत्व ने आंदोलन की घोषणा की है। इसी कड़ी में बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसजन जेपी मेहता इंटर कालेज पर इकठ्ठा हुए। वहां से विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार उर्फ लल्लू भैया, पूर्व सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष डा. राजेश मिश्र एवं पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता विरोध पदमार्च निकालकर अंबेडकर पार्क होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां पर कांग्रेसियों ने केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में घुसने की कोशिश की। बैरिकेडिंग गिरा दी और पुलिस के साथ धक्कामुक्की की।
वक्ताओं ने केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व सांसद डॉ.राजेश मिश्र ने कहा कि देश की जनता को मोदी सरकार केवल झूठे सपने दिखा रही है। घरेलू गैस पर सब्सिडी खत्म करके गरीबों का हक मारा जा रहा है। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि पूरा बनारस बदहाल है। न लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा न सीवर व्यवस्था ठीक हो पायी। भाजपा के झूठ को जनता जान गई है और आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा।