मुंबई। भारी बारिश ने एक बार फिर दौड़ती-भागती मुंबई को थमने के लिए मजबूर कर दिया है। भारी बारिश के बाद मंगलवार को मुंबई ठहर-सी गई है। कई इलाकों में भारी जलभराव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी मुंबई में भारी बारिश का अनुमान है। एहतियात के तौर पर आज मुंबई के सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। वहीं मुंबई की लाइफलाइन लोकल सेवा 10 मिनट देरी से चल रही है। मुंबई में अगले 48 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी के बीच डब्बावालों का भी काम प्रभावित हुआ है। मुंबई डब्बावाला संगठन के प्रवक्ता सुभाष ने बताया कि वे आज काम नहीं करेंगे। इधर मुंबई एयरपोर्ट का एक रनवे अभी तक बंद रखा गया है, जिसकी वजह से 56 फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। सूचना मिल रही है कि मुंबई एयरपोर्ट के दूसरे रनवे पर एक विमान भारी बारिश के कारण फिसल गया। स्पाइस जेट का ये विमान वाराणसी से मुंबई आया था। हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई। वहीं लोकल ट्रेन सेवा भी बारिश के कारण प्रभावित हुई है। वेस्टर्न रेलवे ने पांच ट्रेन रद की हैं। वहीं सेंट्रल रेलवे ने 6 ट्रेन रद और 2 का रूट बदला है। इधर बस सेवा पर भी काफी असर पड़ा है। बसें कई जगह पानी में फंस गई हैं। मुंबई की बारिश ने बस, ट्रेन और हवाई यात्रा को बुरी तरह प्रभावित किया है, लोग घर से बाहर निकलने से पहले 10 बार सोच रहे हैं।