बॉलीवुड की हर दिल अजीज अदाकारा श्रीदेवी का शनिवार देर रात दुबई में निधन हो गया।
नई दिल्ली: बॉलीवुड की हर दिल अजीज अदाकारा श्रीदेवी का शनिवार देर रात दुबई में निधन हो गया। बताया जा रहा है श्रीदेवी का कार्डिएक अरेस्ट की वजह से मौत हुई। श्रीदेवी अपने परिवार के साथ दुबई में मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए गई थीं। मोहित मारवाह अनिल कपूर, बोनी कपूर, और संजय कपूर के भांजे हैं। इस शादी में उनके साथ बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर मौजूद थीं। वहीं, बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर अपनी फिल्म ‘धड़क’ की शूटिंग के सिलसिले में मुंबई में ही हैं।
इससे पहले खबर आई थी कि श्रीदेवी की मौत के वक्त बोनी कपूर उनके साथ थे। हालांकि, स्पॉटबॉय की रिपोर्ट के मुताबिक बोनी कपूर शादी के बाद मुंबई लौट आए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि शादी के बाद श्रीदेवी ने पति बोनी कपूर को मुंबई लौटने के लिए कहा था और वह खुद वहीं रुक गई थीं। इसके बाद बोनी मुंबई लौट आए थे। श्रीदेवी वहां क्यों रुकना चाहती थीं? इस बारे में रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अभिनेत्री ने अपने पति से कहा कि वह कुछ छुट्टी चाहती हैं, जिसकी कोई खास वजह नहीं है।
और पढ़ें: Sridevi Death : बॉलीवुड ने खो दिया ‘नगीना’, ‘खुदा गवाह’- हर ‘लम्हे’ लुभाएगी अभिनय की ‘चांदनी’
मुंबई में श्रीदेवी का इंतजार कर रहे बोनी को क्या पता था कि उन्हें दोबारा दुबई जाना पड़ेगा। जब श्रीदेवी की मौत की खबर आई बोनी कुछ ही देर में दुबई के लिए रवाना हो गए।
श्रीदेवी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत महज चार वर्ष की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। उनकी पहली फिल्म बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट थुनविान थीं। नन्ही श्रीदेवी को मलयालम मूवी पूमबत्ता (1971) के लिए केरला स्टेट फिल्म अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। उन्होंने इस दौरान कई तमिल-तेलगु और मलायलम फिल्मों में काम किया और इनके लिए उनको कई पुरस्कार भी मिले।
1996 में निर्देशक बोनी कपूर से शादी के बाद श्रीदेवी ने फ़िल्मी दुनिया से अपनी दूरी बना ली थी। लेकिन इस दौरान वह टीवी शोज में नजर आईं। श्रीदेवी ने साल 2012 में गौरी शिंदे की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश से रुपहले पर्दे पर अपनी वापसी की थी और उनकी बड़ी बेटी अब बॉलीवुड में डेब्यू कर रही है।