नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी आज अपना 133वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार बतौर अध्यक्ष कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी का 133वां स्थापना दिवस मनाया। आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को हुई थी। राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में पहुंचकर पार्टी का झंडा फहराया और फिर पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया।
‘आज अंबेडकर का संविधान खतरे में हैं, हम उसे बचाएंगे’
इस मौके पर राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता वहां नजर आए। राहुल गांधी ने ध्वजारोहण करने के बाद कांग्रेस मुख्यालय में बच्चों को मिठाईयां बांटी। इस मौके पर राहुल गांधी ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज अंबेडकर का संविधान खतरे में है, कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सच का साथ दिया है। आज के समय में बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ संविधान खतरे में है, उस संविधान पर हमला हो रहा है। ये देखना दुखद है। लेकिन हमारा कर्तव्य है कि हम संविधान की रक्षा करें। राहुल गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कांग्रेस ने हमेशा सच का साथ दिया है तो वहीं बीजेपी लगातार झूठ बोलती आ रही है। उन्होंने कहा कि हम भले ही हार जाएं, लेकिन सच का साथ नहीं छोड़ेंगे।
राहुल गांधी बने हैं पार्टी के 19वें अध्यक्ष
आपको बता दें कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद ये उनका स्थापना दिवस है, जिसमें उन्होंने ध्वाजारोहण किया और पार्टी नेताओं को संबोधित किया। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के 19वें अध्यक्ष बने हैं। राहुल नेहरू-गांधी परिवार की 5वीं पीढ़ी के 5वें ऐसे शख्स हैं जिन्होंने ये कुर्सी संभाली है। इससे पहले उनके नाना जवाहरलाल नेहरू ने प्रधानमंत्री रहते समय 5 साल, इंदिरा गांधी- राजीव गांधी ने करीब 5-5 साल, सोनिया गांधी ने 19 साल तक इस पद को संभाला है।