धौलपुर।करीब 9 साल तक राजस्थान पुलिस की पकड़ से दूर रहे डकैत केदार गुर्जर और पत्नी पूजा को आखिर कार 17 अप्रैल को अरेस्ट कर लिया गया। दोनों के बाद दैनिक भास्कर ने डांग इलाके के जंगलों में पड़ताल की। बता दें कि केदार पर दो जिलों की पुलिस ने 21 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। डकैत केदार और पूजा बीहड़ का आखिरी प्रेमी जोड़ा है। 20 साल छोटी पूजा के लिए केदार ने अपनी पत्नी को भी छोड़ दिया था।पूजा का हुआ था बाल विवाह…
– शुक्रवार को भास्कर टीम जंगल में सर्च के दौरान एक व्यक्ति से मिली। काफी पूछताछ करने के बाद उस व्यक्ति ने बताया कि वह डकैत केदार गुर्जर की गैंग का मेंबर है। इस व्यक्ति ने केदार गुर्जर और पूजा के बारे में कुछ बातें बताईं।
– पूजा की शादी बचपन में ही हो गई थी, तब उसकी उम्र करीब 10 या 11 साल होगी। वह ससुराल भी नहीं जा पाई कि उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद पूजा अपने पिता के साथ ही रही। जब बड़ी हुई तो उसके पिता ने उसे केदार को सौंप दिया। केदार गुर्जर की पहली पत्नी की कोई संतान नहीं है।
-केदार ने जंगल में ही पूजा के साथ शादी कर ली। लेकिन इसके बावजूद उसे कोई संतान नहीं हुई। दो शादी करने के बाद भी उसे कोई संतान नहीं हुई इसको लेकर वह काफी टूट गया। जंगलों में केदार और पूजा दोनों अकेले ही रहते थे।
-पहले पूजा बंदूक लेकर खड़ी हो जाती थी तो केदार नहा लेता था और बाद में केदार बंदूक लेकर खड़ा होता तो पूजा नहाती थी। केदार ने ही पूजा को बंदूक चलाना सिखाया। वह फायरिंग करने में काफी एक्सपर्ट है।
अलवर के भरथरी मेले में गए कई बार
डकैत केदार गैंग के मेंबर ने बताया कि केदार और पूजा दोनों जंगलों में कभी लंबे समय तक नहीं रहते थे। दो-दो महीने बीत जाने पर उनसे संपर्क नहीं हो पाता था। जब वे आते थे तो बताते थे कि तीर्थयात्रा करके आए हैं। दोनों पुष्कर और अलवर के भरथरी के मेले में भी कई बार जाकर आए हैं। केदार बताता था कि वह पगड़ी, कुर्ता-धोती बांधकर वेश बदल लेता था और पूजा साड़ी पहन लेती थी। इस दौरान वे अपने हथियारों को जंगलों में ही पत्थरों के नीचे छिपाकर जाते थे।
केदार और पूजा।
ऐसे रहते थे जंगलों में
– केदार और पूजा चंबल नदीं में आने वाले दूध वाले, रेत ट्रैक्टर, जंगलों में लकड़ी काटने वालों से राशन का सामान मंगाते थे।पैसे के लिए ठेकेदारों से रुपए की मांग करते थे।
– जंगलों में ही जगह बदल-बदल कर रहते थे। वहीं खाना भी बनाते थे। राशन का सामान साथ ही रखते थे।
– बारिश के मौसम में होती थी परेशानी तो तिरपाल लगाकर रहते थे।एक सोता था तो दूसरा बंदूक लेकर जागता था।
केदार की दूसरी पत्नी है पूजा।
हत्या व डकैती सहित 29 मामले दर्ज
डकैत केदार गुर्जर के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, अपहरण, योजना डकैती, दुष्कर्म सहित करीब 29 मामले दर्ज हैं। डकैत पूजा गुर्जर के खिलाफ हत्या का प्रयास एवं डकैती की साजिश रचने के 3 मामले दर्ज हैं। डकैत केदार गुर्जर की गिरफ्तारी पर पुलिस IGभरतपुर की ओर से 10 हजार रुपए, पुलिस DIG आगरा की ओर से 5 हजार रुपए एवं SSP आगरा की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।
दोनों हमेशा रहते थे साथ।
खाने के बाद पानी भी दो किलोमीटर दूर जाकर पीता
डकैत केदार पत्नी पूजा के साथ 8 साल से निहायती के जंगलों में ही रह रहा है। जंगल छोड़कर वह कहीं नहीं जाता था। उसकी आदत है कि वह जिस जगह पर खाना खाता था, इसके बाद पानी पीने के लिए वह दो से पांच किमी दूर चला जाता था। दोनों जंगलों में ही रहते थे और रात को दो बार जगह बदल देते थे। जंगल में ही खाना पकाते थे और वहीं रहते थे। इसलिए कभी पकड़े भी नहीं गए।
पुलिस हिरासत में केदार और पूजा।
150 सिम रखता था, इस बार लंबे समय बदली नहीं और पकड़ा गया
डकैत केदार पूजा के अलावा किसी पर भी विश्वास नहीं करता है। वह 150 के करीब मोबाइल सिम अपने पास रखता है। जिसे वह रोजाना बदल-बदल कर इस्तेमाल करता था। साइबर सेल के नरेंद्र ने बताया कि एसपी राजेश सिंह के निर्देशन में केदार को पकड़ने के लिए करीब एक साल से प्रयास किए जा रहे थे। इस दौरान डकैत केदार एक सिम को लंबे समय से इस्तेमाल कर रहा था और जंगल में एक स्थान पर कई बार रुक रहा था। इसे कई बार ट्रेस किया गया। मुखबिर की सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और मुठभेड़ में दोनों को पकड़ लिया गया।