बहराइच 01 जनवरी। नव वर्ष 2021 के प्रथम दिन पूर्व मंत्री विधायक सदर अनुपमा जायसवाल व जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारी सशक्तीकरण अभियान के अन्तर्गत श्रम विभाग द्वारा संचालित संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की कक्षा 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण अगली कक्षा में प्रवेशित एवं शिक्षारत होने पर उनके विद्यालय आने-जाने के लिए 20 कन्याओं को साइकिल का वितरण किया। साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शम्भु व सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने मौजूद छात्राओं को नव वर्ष 2021 की शुभकामनाएं देते हुए सभी छात्राओं का आहवान किया कि पूरे मनोयोग के साथ शिक्षा ग्रहण करें। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी रिज़वान खान व समाजसेवी जय प्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग द्वारा संचालित संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के अन्तर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के अधिकतम 02 संतान को कक्षा-01 से उच्चतर शिक्षा हेतु विभिन्न शर्तो के अधीन छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। योजना के तहत कक्षा 01 से 05 तक रू. 150=00, कक्षा 06 से 10 तक रू. 200=00, कक्षा 11 से 12 हेतु रू. 250=00, स्नातक हेतु रू. 1,000=00 व स्नातकोत्तर हेतु रू. 2,000=00 प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग व मेडिकल के स्नातकोत्तर डिग्री के लिए रू. 8,000=00 अथवा किसी विषय के अनुसंधान हेतु रू. 12,000=00 प्रतिमाह की दर से प्रदान किये जाने का प्राविधान है। इसी योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों की कक्षा 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं के अगली कक्षा में प्रवेशित एवं शिक्षारत होने पर उनके विद्यालय आने जाने के लिए लेडीज साइकिल दिये जाने भी व्यवस्था है।