नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी की 80 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, एस जयशंकर, मनोज तिवारी सहित केंद्रीय मंत्रियों, राज्य के कई नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही इस सूची में लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे दिग्गजों को फिर से शामिल किया गया है।
नये कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान किसानों के समर्थन में बोलने और लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों का समर्थन करने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी और उनकी सांसद मां मेनका गांधी इस बार कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को भी बाहर रखा गया है। भाजपा की कार्यकारिणी में 80 नियमित सदस्यों के अलावा, कार्यकारिणी में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी होंगे।
जेपी नड्डा ने अपनी कार्यकारिणी में नए चेहरों को भी प्रमुख्ता से जगह दी गई है। हाल ही में कैबिनेट में शामिल किए गए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मीनाक्षी लेखी, मनसुख मंडाविया और ज्योतिरादित्य सिंधिया को शामिल किया गया है।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नवंबर में होने वाली है। जेपी नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बैठक होगी। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक 18 अक्टूबर को होगी।