28 C
Lucknow
Tuesday, January 21, 2025

CM योगी ने मथुरा में ‘जन विश्वास यात्रा’ को किया रवाना, कहा- प्रदेश से पेशेवर अपराधियों व माफियाओं का हो रहा पलायन

लखनऊ। भाजपा ने यूपी की जनता पर अपना भरोसा पुख्ता करने और विश्वास जीतने के उद्देश्य से रविवार से छह जिलों से की जनविश्वास यात्राएं प्रदेश में शुरू की है। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जाने का है। जनविश्वास यात्रा को छह जिलों से रवाना करने पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेताओं ने भरोसा जताया कि भाजपा की यह यात्रा 403 विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों लोगों का साथ तथा विश्वास जीतने में सफल रहेगी।

जनविश्वास यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अम्बेडकर नगर से, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा से, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बलिया से, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झांसी से, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिजनौर से और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गाजीपुर से जनसभा कर रवाना किया। इस कड़ी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा पहुँचकर सबसे पहले कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा की।

मथुरा में जन विश्वास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरूआत यमुना मैया, भारत माता और गौमाता के जयकारे लगाकर की। उन्होंने कहा कि जनविश्वास यात्रा के शुभारंभ पर आया हूं। सबसे पहले बिहारी लाल की भूमि को नमन। पहले जन्मभूमि का आशीर्वाद लेने के बाद आया हूं। 19 दिन बाद 19 दिसम्बर को आया हूं। आज की तिथि महत्वपूर्ण है। 1927 में देश की स्वाधिनता के लिए बलिदान देने वाले को फांसी दी गयी। विश्वास है कृष्ण की धरती से यात्रा कर रहा हूं। यहां के पूज्य संतों के आशीर्वाद से कुम्भ करने का अवसर मिला। तब भी आया यहां हूं। ये वही धरती है जहां का कण− कण पूज्य है।

सीएम योगी ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश से पलायन पेशेवर अपराधियों और माफियाओं का हो रहा है। इससे सपा, बसपा और कांग्रेस को पीड़ा हो रही है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले पौने पांच साल के दौरान प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ, कोई पलायन नहीं हुआ। जो व्यापारी जो प्रताड़ित हिन्दू पिछली सरकारों में पेशेवर अपराधियों और माफिया द्वारा यहां से भगाए गए थे वे व्यापारी, वे हिन्दू अपने घरों में आए हैं और शान से अपने घरों में रह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनविश्वास यात्रा आज प्रदेश में 6 स्थानों से शुरू हो रही है, मुझे पावन धाम मथुरा से इसका शुभारंभ करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हम जनविश्वास पर खड़े उतरे हैं और जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एक बार फिर जनता के सामने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, बसपा और सपा के लिये परिवार ही देश है। वो विकास के मॉडल को स्वीकार नही कर सकते। जब मथुरा वृन्दावन नगर निगम बना उन्हें अच्छा नहीं लगा। प्रधानमंत्री फ्री वैक्सीन देते हैं तो उन्हें अच्छा नहीं लगता।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष को प्रदेश का अच्छा वातावरण अच्छा नही लगता। गरीब की योजना पर डकैती उन्हें अच्छी लगती है। सीएम ने आगे कहा कि सबका साथ सबका विकास ही राम राज्य है। एक गरीब को सुरक्षा का वातावरण भाजपा ने दिया। हमने कहा आतंकवाद मिटायेंगे। 370 धारा हटाई। एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना तैयार की। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वृंदावन में बने हेलीपैड पर पहुंचा। जहां ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा, दुग्धविकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण समेत कई विधायको ने उनका स्वागत किया।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें