लखनऊ। बुंदेलखंड में जन-कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए पहुंचे योगी सरकार के खेलकूद और युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव को सर्किट हाउस में सोते समय जहरीले कीड़े ने काट लिया।
मंत्री गिरीश चन्द्र यादव की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी तो शंका हुई कि सांप ने काटा है। इससे अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन मंत्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब ढाई घंटे तक चले उपचार के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि सांप ने नहीं, बल्कि चूहे ने मंत्री को काटा है। तब जाकर पूरे प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली।
बता दें कि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव शुक्रवार को बुंदेलखंड में जन-कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए बांदा जिले के दौर पर पहुंचे थे। इस दौरान वह मवई बाईपास स्थित सर्किट हाउस में रुके हुए थे। इसी बीच अचानक देर रात करीब 3 बजे उन्हें सोते समय जहरीले कीड़े ने काट लिया। सूचना मिलते ही जिले के आला अफसरों तक के हाथ-पांव फूल गए। जब दर्द बढ़न तो मंत्री जी को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर डीएम से लगाकर एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और देर रात जिला अस्पताल में डेरा जमाए रहे। करीब ढाई घंटे बाद मंत्री को जिला अस्पताल से छुट्टी दी गई। अस्पताल के डॉ. एसएन मिश्र ने बताया कि मंत्री गिरीश चन्द्र यादव को किसी कीड़े ने काट लिया था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब पुष्टि हुई कि सांप ने नहीं, चूहे ने काटा है तब जाकर सुबह 5 बजे के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। अब मंत्री जी तबीयत बिल्कुल ठीक है।