28 C
Lucknow
Tuesday, January 21, 2025

मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भाजपा में शाामिल

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव आज यानी बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।

अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह की पुत्रवधू होने के बावजूद भी अपर्णा यादव ने अपने विचार रखे हैं। काफी दिनों की चर्चा के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया। स्वतंत्र देव सिंह ने इस मौके पर कहा कि मैं अपर्णा यादव जी का हृदय से स्वागत करता हूं। पश्चिम यूपी में चुनाव होने वाला है और सपा के शासन में गुंडागर्दी को इतना महत्व दिया जाता है कि पश्चिम यूपी में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। अपर्णा को शुरू से लगता था कि योगी जी के शासन में एक अच्छा सुशासन है।

भाजपा में शाामिल होने के बाद अपर्णा यादव में बीजेपी पार्टी को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी को धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे पार्टी का हिस्सा बनने का मौका दिया। मैं हमेशा से पीएम मोदी से प्रभावित रहती थी और मेरे चिंतन में हमेशा राष्ट्र सबसे पहले है और मेरे लिए राष्ट्र धर्म सबसे पहले हैं।

बता दें कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। सपा से अपर्णा यादव ने 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ की कैंट सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन बीजेपी की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार गई थीं। उधर, रीता बहुगुणा जोशी के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी जिस पर 2019 में उपचुनाव हुआ था जिसमें भाजपा ने ही जीत दर्ज की थी और सुरेश चंद तिवारी चैथी बार विधायक बने थे। लेकिन रीता बहुगुणा इस सीट से अपने बेटे के लिए टिकट की मांग कर रही हैं। चर्चा ये भी है कि यहां से कुछ और भी दावेदार हैं। सूत्रों की मानें तो बीजेपी अपर्णा की सीट बदलना चाहती है।

अपर्णा यादव हमेशा सीएम योगी और पीएम मोदी की तारीफ करती रही है। उन्होंने राम मंदिर के लिए 11 लाख 11 हजार का चंदा भी दिया था। अर्पणा का जन्म एक जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक मीडिया कंपनी में थे। सपा की सरकार में वह सूचना आयुक्त भी रहे। अर्पणा की मां अंबी बिस्ट लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं। अपर्णा की स्कूली पढ़ाई लखनऊ के लोरेटो कॉन्वेंट से हुई है।

बताया जाता है कि प्रतीक यादव को वह स्कूल के दिनों से ही जानती थीं। साल-2010 में अर्पणा और प्रतीक की सगाई हुई और दिसम्बर 2011 में दोनों विवाह बंधन में बंध गए। विवाह समारोह का पूरा आयोजन मुलायम सिंह के पैतृक गांव सैफई में किया गया था। अर्पणा और प्रतीक की एक बेटी है जिसका नाम प्रथमा है।

Latest news
- Advertisement -spot_img
Related news
- Advertisement -spot_img

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें