नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव नए महागठबंधन की तैयारी में जुट गए हैं। सोमवार को उन्होंने दिल्ली जाकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। ममता पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए दिल्ली आई थीं। इसी बीच अखिलेश उनसे मिलने गए।इससे पहले वह बिहार के सीएम नीतीश कुमार से भी मिल चुके हैं। कहा जा रहा है कि यूपी चुनावों में मिली हार के बाद अब वह बीजेपी के खिलाफ नया मोर्चा बना सकते हैं। अखिलेश यादव सोमवार को दिल्ली में थे। सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार उनके संपर्क में हैं और वह उन्हीं के बुलावे पर दिल्ली आए थे।
ममता ने जब नोटबंदी के खिलाफ लखनऊ में अपना विरोध प्रदर्शन किया था तो उनकी मदद एसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ही की थी। अखिलेश ही उस वक्त उन्हें रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पर गए थे। इससे पहले भी जब समाजवादी परिवार में विवाद चल रहा था तो ममता ने उन्हें फोन करके अपना समर्थन जाहिर किया था।
दरअसल ममता बनर्जी पिछले राष्ट्रपति चुनाव में एसपी संरक्षक मुलायम सिंह के यू-टर्न से काफी नाराज थीं। इस वजह से उन्होंने अखिलेश यादव को ही सपोर्ट करने पर फैसला किया था।
बता दें कि अखिलेश यादव कुछ दिन पहले भी दिल्ली आए थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के कुछ नेताओं से भी मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश के अलावा कुछ और नेताओं से संपर्क किया था। सूत्रों का कहना है कि जल्दी ही इन सभी को मिलाकर एक नया महागठबंधन तैयार किया जाएगा। लोकसभा चुनावों से पहले यह गठबंधन आकार ले सकता है।