लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नेताओं का दल बदलना जारी है। प्रसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य ने पार्टी से नाता तोड़कर सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने समर्थकों के साथ लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व सांसद रघुराज प्रताप सिंह शाक्य इटावा के रहने वाले है। वह प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के बेहद करीबी माने जाते थे। पूर्व सांसद रघुराज वर्ष 1999 व वर्ष 2004 में दो बार सांसद चुने गए थे और वर्ष 2012 में भी सदर सीट से विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बने थे। इस बार फिर वह इटावा सदर सीट से चुनाव की तैयारी कर रहे थे। सपा-प्रसपा गठबंधन के बाद टिकट की दावेदारी कर रहे थे। लेकिन इस बार सपा ने सदर सीट से पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य के पुत्र सर्वेश शाक्य को प्रत्याशी बनाया है।
पूर्व सांसद रघुराज प्रताप सिंह शाक्य का टिकट कटने से अंदरखाने की नाराजगी बाहर आने लगी थी और पांच दिन पहले उन्होंने समर्थकों के साथ प्रसपा से त्याग पत्र दिया था। इसके बाद से उनका भाजपा में जाने का कयास लगाया जा रहा था। पूर्व सांसद राघुराज प्रताप और उनके साथ प्रसपा के पूर्व जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, बसपा नेता बादशाह राजपूत, सर्वेश चैहान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सीमा शाक्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। माना जा रहा है कि अभी उनके और समर्थक भारतीय जनता पार्टी में जा सकते हैं।