लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शाहजहांपुर के जलालाबाद में 269 करोड़ रूपए की 131 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इससे पहले कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद और सांसद अरुण सागर ने सीएम का जोरदार स्वागत किया।
जलालाबाद, जनपद शाहजहॉंपुर में ₹269 करोड़ की 131 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास… https://t.co/yhzL0G8aNS
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 9, 2021
लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम से पहले यूपी के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा सीएम योगी ने जो विकास किया व विपक्ष में रहते हुए भी हमने महसूस किया। मुख्यमंत्री दमदार और असरदार हैं। कानून व्यवस्था को सुधारा है। जलालाबाद में रोजगार के लिए कारखानेे लगे। उन्होंने कहा कि जलालाबाद को परशुराम जन्म स्थल घोषित करने की लोगों की मांग है।
सीएम ने प्रधानमंत्री आवास के लाभांवितों को उनके मकान की चाबी भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर की जब बात आती है, तो आजादी के महान क्रान्तिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां का नाम प्रत्येक भारतीय बड़े गर्व के साथ लेकर भारत की आजादी के इन दीवानों को नमन करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने बदलते हुए भारत और पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत को देखा है। एक भारत वो था, जब दुश्मन देश आंख दिखाता था तब सरकारें कहती थीं कि कुछ मत बोलो कहीं दुश्मन देश नाराज न हो जाए लेकिन नया भारत दुश्मन देश अगर आंख दिखता है तो उसकी आंख को हथेली पर रखने का काम करता है।
सीएम योगी ने शाहजहांपुर में कहा कि 2017 के पहले आप उत्तर प्रदेश में कोई त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से नहीं मना सकते थे। पर्व और त्योहार आते थे तो दंगे शुरू हो जाते थे। लेकिन आज आपने देखा होगा कि पर्व और त्योहार कितने शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं।