लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की गोसाईगंज विधानसभा सीट से दो बाहुबली आमने-सामने हैं। इस सीट पर चौथे चरण में मतदान होना है। इससे पहले शुक्रवार रात को भाजपा और सपा प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गए। जिसमें झड़प के साथ फायरिंग भी होने की भी खबर है।
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह को पुलिस ने शनिवार सुबह इस मामले में उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। अभय सिंह के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पूर्व विधायक अभय सिंह की दंबगई इस क्षेत्र में काफी लम्बे समय से कायम है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र की फोर्स ने अभय सिंह को उसके आवास से अपनी गिरफ्त में लिया है। अयोध्या के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले गोसाईगंज विधानसभा में शुक्रवार रात दो बाहुबलियों के बीच राजनीतिक वर्चस्व को लेकर ऐसी भिड़ंत हुई कि पथराव के बाद फायरिंग भी होने लगी। इस दौरान कई वाहनों को भी क्षति पहुंचाई गई तो थाने में भी पथराव हुआ।
सपा प्रत्याशी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया है। वहीं सपा प्रत्याशी का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थकों ने हमला किया था। बता दें कि भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के पति व पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी अयोध्या जेल में भ्रष्टाचार के एक मामले में बंद है। लिहाजा ऐसे में अयोध्या जिला कारागार में टकराव के बचने के लिए अयोध्या पुलिस प्रशासन अभय सिंह को अन्य जिले की दूसरी जेल में भेजने की तैयारी में है।
सपा प्रत्याशी ने गिरफ्तार के समय कहा कि उनके खिलाफ कोई साजिश हो रही है। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि अब मैं तो जेल जा रहा हॅू। अब यह चुनाव आप के हवाले है।