लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में यूपी यूथ मेनिफेस्टो जारी किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि रोज़गार हम आपको कैसे और किस प्रकार से दिलाएंगे, यह सब हमने इस मेनिफेस्टो में लिखा है। इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के साथ बात की है और जो उनके विचार है वह हमने इस मेनिफेस्टो में डाले हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर 24 घंटे में लगभग 880 युवा रोज़गार खोते हैं। भाजपा के पिछले 5 सालों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोज़गार खोया है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम आपको हर साल 2 करोड़ रोज़गार देंगे। सच्चाई सबको दिख रही है। ऐसा क्यों हो रहा है। क्योंकि देश का पूरा धन 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथों में दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत को एक नए विजन की ज़रुरत है। भारत को विजन कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है, छोटी-छोटी पार्टियां नहीं दे सकती हैं। भाजपा का विजन देश का विजन नहीं है। अगर उत्तर प्रदेश को एक नया विजन नहीं दिया गया तो भारत को एक नया विजन नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रोज़गार छोटे और मीडियम व्यवसाय से आते हैं। रोज़गार बड़े-बड़े व्यवसाय से कम आता है। भाजपा की नीति छोटे व्यापारियों को ख़त्म करने की है। नोटबंदी, गलत GST और कोरोना के समय सरकार द्वारा लिए गए गलत निर्णय के कारण 14 करोड़ युवाओं ने रोज़गार खोया है।
यूपी यूथ मेनिफेस्टो जारी करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं ने हर ज़िले में युवाओं से बात कर उनकी बड़ी समस्याओं को समझा। उन्हीं में से निकले हुए मुद्दे भर्ती विधान में हैं। इसे भर्ती विधान इसलिए कहा है क्योंकि प्रदेश में बड़ी समस्या भर्ती की है। उन्होंने कहा कि जब तक आप(जनता) जवाबदेही नहीं मांगेगे तब तक कोई नेता जवाबदेह नहीं बनेगा। जनता को जागरुक होना ही पड़ेगा। जातिवाद, सांप्रदायिकतावाद से आपका पेट नहीं भरने वाला है। इससे सिर्फ़ कुछ राजनीतिक दलों का फायदा होगा।
कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि जब आपको मालूम है कि आपको जाति और धर्म के आधार पर वोट मिलेगा। तो फिर आप उसका नल क्यों लगाएंगे, उसकी सड़क, स्कूल क्यों बनाएंगे, उसके लिए कुछ क्यों करेंगे। लेकिन जब सरकार बनाने की बात होती है तब जवाबदेही मांगिए और विकास पर अपना वोट दीजिए।