लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों में आगरा दक्षिण से कांग्रेस के नजीर अहमद सबसे अमीर आदमी हैं। उन्होंने 211 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। आजमगढ़ में मुबारकपुर से बसपा के उम्मीदवार शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली दूसरे नंबर पर हैैं, उन्होंने 118 करोड़ की संपत्ति घोषित की है, जबकि मथुरा की मांट से उम्मीदवार भाजपा के सतीश कुमार शर्मा तीसरे स्थान पर हैं, उन्होंने 114 करोड़ की चल-अचल संपत्ति होने का उल्लेख अपने शपथ पत्र में किया है। वर्ष 2012 के चुनाव में भी कमोबेश यही स्थिति थी।
बसपा में 84 फीसद करोड़पति
बसपा के 335 प्रत्याशी करोड़पति हैं, इनका औसत 84 फीसद है। भाजपा के 302 प्रत्याशी करोड़पति हैं, इनका औसत 79 फीसद होता है। सपा के 307 प्रत्याशियों में से 243 और कांग्रेस के 114 प्रत्याशियों में से 75 करोड़पति हैैं। राष्ट्रीय लोकदल, लोकदल, पीस पार्टी और एनसीपी के भी कई प्रत्याशी करोड़पति हैैं।
टॉप थ्री कर्जदार
इलाहाबाद दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने 26 करोड़ रुपये का कर्जदार होने का दावा किया है, जबकि आगरा दक्षिण से निर्दल उम्मीदवार अशरफ कुरैशी ने खुद पर 16 करोड़ का कर्ज होने का उल्लेख किया है। मडियाहूं (जौनपुर) से बसपा प्रत्याशी भोलानाथ ने खुद पर 15 करोड़ रुपये का कर्ज होने का दावा किया है।
वर्ष 2012 के चुनाव में भी कर्जदार प्रत्याशियों का औसत कमोबेश ऐसा ही था
-वर्ष 2012 में 6590 प्रत्याशियों में से 1319 यानी 20 फीसद प्रत्याशी करोड़पति थे, इस बार यह औसत 30 फीसद है। वर्ष 2017 में 4817 में से 1457 प्रत्याशी करोड़पति हैं।
-वर्ष 2017 में 152 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां एक क्षेत्र में कम से कम तीन प्रत्याशियों की आपराधिक पृष्ठभूमि हैं, जबकि वर्ष 2012 में ऐसे क्षेत्रों की संख्या 226 थी।